गाजियाबाद। तत्काल के टिकटों पर दलाली रोकने के लिए रेलवे नया गाजियाबाद स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर जैमर और सीसी कैमरा लगाएगा। इस बाबत स्थानीय अधिकारियों ने एक प्रस्ताव बड़ौदा हाउस भेजने की तैयारी की है। ज्ञात हो कि टिकट बुकिंग में गड़बड़ी की शिकायत पर यहां बुधवार को दिल्ली की विजिलेंस टीम ने छापा मारा था।
पुराना रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र की तरह ही नया गाजियाबाद के पीआरएस में जैमर लगेगा। पिछले छह माह में दिल्ली विजिलेंस टीम के छापों के बाद अफसरों ने यह निर्णय लिया है। साथ ही दलालों और उनके गुर्गों को पहचानने के लिए सीसी कैमरा भी लगेगा। आरपीएफ कर्मियोें को तैनात करने की तैयारी है। सीआरएस ओपी शर्मा का कहना है कि विजिलेंस ने छापा मारा था, लेकिन कोई दलाल पकड़ में नहीं आया। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है।
रेल कर्मियों के फोन भी रहेंगे बंद
जैमर लगने के बाद आरक्षण केंद्र के कर्मचारियों के सेल फोन काम करना बंद कर देंगे। वहीं आरक्षण केंद्र में टिकट करा रहे यात्रियों के मोबाइल ठप रहेंगे। ऐसा दलालों का नेटवर्क जाम करने के लिए किया जा रहा है।