लोनी। पुलिस ने प्राचीन सिद्ध बाबा मंदिर के महंत हत्याकांड का सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि भूखंड के विवाद में महंत की तीन बदमाशों ने हत्या की थी, जबकि साजिश छह लोगों ने रची थी। एक आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे तमंचा भी बरामद हुआ है।
गौरतलब है कि 17 अगस्त की शाम खानपुर जप्ती के प्राचीन सिद्ध बाबा मंदिर के महंत बाबा चेतन दास की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। थाना प्रभारी गोरखनाथ यादव ने बताया कि महंत विवादित भूखंडों की खरीद फरोख्त करते थे। पुलिस एवं प्रशासन की मदद से उन भूखंडों पर आसानी से कब्जे भी कर लेते थे। विनोद शर्मा, गजराज, नेपाल निवासीगण खानपुर, अनिल पैना पचायरा, सुंदर एवं अमित इलायची पुर, सोनू राणा राम पार्क एक्सटेंशन, श्योराज एवं राजबीर पहलवान डगरपुर भी मिलकर विवादित भूखंडों की खरीद फरोख्त का काम करते हैं। राम पार्क एक्सटेंशन कालोनी में एक 200 वर्ग गज के भूखंड को लेकर उनका महंत से विवाद था। कुछ अन्य विवादित भूखंडों पर भी महंत उन्हें कब्जे नहीं करने दे रहे थे। उन्हाेंने ही महंत की हत्या की साजिश रची थी। हत्याकांड को अंजाम देने के लिए विनोद शाम चार बजे ही मंदिर पर पहुंच गया था। ढाई घंटे तक उसने महंत की रेकी की। जैसे ही महंत से मिलने वाले वहां से गए उसने सुंदर एवं अनिल पैना को फोन कर मंदिर पर बुला लिया तथा महंत की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।