गाजियाबाद। इलाहाबाद में लगने वाले कुंभ मेले के लिए पुलिस स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी है। सुरक्षा की दृष्टि से मेले में ड्यूटी के लिए जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल थानों, कोतवालियों और पुलिस लाइंस से भेजा जाता है।
गाजियाबाद जिले में तैनात पुलिसकर्मियों का हाल ये है कि अतिरिक्त भत्ता मिलने के बावजूद यहां से कोई कुंभ मेले में जाना नहीं चाहता। परेशान होकर थानाध्यक्षों ने नया तरीका ईजाद किया है। पुलिसकर्मियों के नामों की पर्चियां डिब्बे में डालकर किसी बच्चे से ‘ड्रा’ निकलवाया जा रहा है। जिसके नाम की पर्ची निकलेगी, उसे ड्यूटी पर जाना होगा।
जनपद से कुंभ मेले के लिए 15 नवंबर से पुलिसकर्मी जाने शुरू हो जाएंगे। जनपद के13 थानों से पुलिस जवानों की सूची तैयार कर ली है। कुछ थानों में तो मेले में ड्यूटी को लेकर सिपाहियोें में कोई खास विरोध नहीं है। लेकिन कई थाने ऐसे हैं, जहां ड्यूटी में नामों को लेकर सिपाहियों में विवाद है। इसीलिए ड्रा निकाला जा रहा है।
शहर के एक थानाध्यक्ष नाम न छापने की शर्त पर बताया कि थाने से पांच जवानों की कुंभ मेले में ड्यूटी के आदेश आये हैं।
थाने में तैनात पुलिस अधिकांश पुलिस कर्मी ड्यूटी पर जाने से कतरा रहे हैं। सभी पुलिसकर्मियों की सहमति से थाने में तैनात सभी जवानों केनामों का ‘ड्रा’ निकाला जा रहा है। बच्चे द्वारा निकाली गई पर्ची के नाम के आधार पर पुलिस कर्मी का चयन किया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में एसएसपी प्रशांत कुमार का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी ड्रा की जानकारी नहीं है। थानाध्यक्ष अपने स्तर से ऐसा कुछ कर रहे होंगे। ड्यूटी पर तो जवानों को भेजना ही होगा।