गाजियाबाद। रणजी 2007-08 के मुंबई में हुए फाइनल में दिल्ली के हाथों 9 विकेट से शिकस्त खाने का बदला यूपी ने करीब पांच साल बाद ले लिया। नेहरू स्टेडियम पर हुए रणजी मैच में दिल्ली को 6 विकेट से पराजित करने के साथ ही यूपी का गाजियाबाद में कभी न जीत पाने का बुरा रिकाॅर्ड भी टूट गया। इस जीत के जश्न में न केवल यूपी के खिलाड़ी डूबे बल्कि दर्शक और आयोजक भी खुशी से झूम उठे। जीत का रोमांच इतना कि दर्शकों के शोर के बीच पुरस्कार वितरण समारोह भी दब गया।
2007-08 में हुए फाइनल मैच में खेलने वाले ज्यादातर खिलाड़ी इस मैच में भी दिल्ली के खिलाफ उतरे। तन्मय श्रीवास्तव, सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ, आमिर खान, प्रवीण कुमार और भुवनेश कुमार उस समय टीम के सदस्य थे। पांच साल बाद इन्हीं खिलाड़ियों के दम पर यूपी ने दिल्ली को गाजियाबाद में हर क्षेत्र में पराजित किया। गाजियाबाद में 2005 से रणजी मैच की शुरुआत हुई और यह छठवां रणजी मैच था। यूपी ने पहली बार गाजियाबाद में रणजी मैच जीता है। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि विपक्षी दिल्ली में वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली, इशांत शर्मा, गौतम गंभीर और आशीष नेहरा जैसे अंतरराष्ट्रीय कद के खिलाड़ी खेल रहे थे।