गाजियाबाद। रणजी-2012 की शु्रुआत में यूपी टीम का दिल्ली से मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। एक तरफ दिल्ली की ओर से कप्तान वीरेंद्र सहवाग, शानदार फार्म में चल रहे विराट कोहली, गौतम गंभीर, इशांत शर्मा के साथ अंडर-19 वर्ल्ड कप के विजेता और हीरो उन्मुक्त चंद्र जैसे सूरमा मैदान में उतर सकते हैं। इनमें सहवाग, कोहली और गंभीर मौजूदा समय में टीम इंडिया की ताकत हैं। वहीं, यूपी के पास इस तरह का बड़ा नाम अभी सिर्फ सुरेश रैना का है। हालांकि टीम में भुवनेश कुमार, तन्मय श्रीवास्तव, अली मुर्तजा जैसे उदीयमान खिलाड़ी भी हैं, जो किसी भी मैच का पासा पलट सकते हैं।
नेचुरल गेम खेलेंगे : तन्मय श्रीवास्तव
सीजन का पहला मैच खेलने को तैयार तन्मय श्रीवास्तव अच्छे ओपनर बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। टिककर खेलने की काबलियत की वजह से उनको टीम में बेहतर स्थिति में हैं। तन्मय ने कहा कि वे अपना नेचुरल गेम खेलेंगे। उन्होंने कहा कि पिच और दूसरी टीम के प्रदर्शन से ज्यादा उनका ध्यान अपने स्वाभाविक खेल खेलने की ओर है। दिल्ली की ओर से बेहतर खिलाड़ी आएंगे। ऐसे में वे अपना बेस्ट परफारमेंस करने की कोशिश करेंगे। क्रिकेट में हर गेंद आपकी परीक्षा लेती है। कितना भी बड़ा बल्लेबाज हो एक गेंद ही काफी होती है।
दिल्ली से होगा शानदार मुकाबला : भुवनेश्वर
गाजियाबाद में पांचवां रणजी मैच खेलने जा रहे भुवनेश्वर कुमार शानदार फार्म में चल रहे हैं। दिलीप ट्राफी में अपने कॅरियर की सर्वश्रेष्ठ 128 रनों की पारी खेलने वाले भुवनेश्वर आत्मविश्वास से लबरेज हैं। भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि कोच वेंकटेश प्रसाद की मौजूदगी में टीम बेहतर परफार्म करेगी। गाजियाबाद मेंयूपी कभी नहींजीत पाई है इसका प्रेशर होगा लेकिन यह क्रिकेट है। रैना फार्म में हैं और मैच खेलेंगे। सुदीप त्यागी, प्रवीण और इम्तियाज के अलावा गेंदबाजी में पीयूष भी है। गेंदबाजी में यूपी टीम काफी मजबूत है।
पूरी तरह से फिट हूं : सुदीप त्यागी
सुदीप त्यागी के लिए मोहन मीकिंग स्टेडियम काफी अनलकी रहा। 2010 में जहां उनको फील्डिंग केदौरान चोट लगी वहीं 2011 में प्रैक्टिस में ही वे उंगलियों पर चोट लगा बैठे। अब आरपी सिंह की गैर मौजूदगी में सुदीप के हाथ में बड़ी जिम्मेदारी होगी। सुदीप त्यागी ने कहा कि शोल्डर इंजरी से उनको काफी परेशानी हुई। अब वे पूरी तरह से फिट है और दिल्ली के साथ मुकाबले को तैयार भी है। उन्होंने कहा कि वे लाइन लेंथ पर ध्यान दे रहे हैं। यूपी टीम स्ट्रांग है और हम मैच जीतेंगे।