एयरफोर्स डे की फुल ड्रेस रिहर्सल में जवानों ने जीता दिल
साहिबाबाद। ‘नीली वर्दी वालों का दल, चलता सीना तान कर’। एयरफोर्स के गीत ने शनिवार को फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान शनिवार को मौजूद लोगों में जोश भर दिया। भारतीय वायुसेना ने अपने लड़ाकू विमानों की उड़ान के साथ ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। सोमवार को एयरफोर्स डे के दौरान ठीक ऐसा ही रोमांच दोबारा देखने को मिलेगा और लड़ाकू विमानों की आवाज से आकाश गूंज उठेगा। सुखोई, मिग, मिराज और जगुआर के करतबों को देखकर लोग रोमांचित हो उठे।
एयर शो की शुरुआत सुपर हरक्युलिस विमान ने 300 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से सिर्फ 300 मीटर की ऊंचाई पर उड़ान भरकर की। इसके बाद जगुआर ने विक्ट्री संरचना में मॉक बंमबॉर्डिंग कर सबको चकित कर दिया। मिग-21 ने विक संरचना बनाकर अपनी ताकत दिखाई। वहीं मिग-29 ने बाज संरचना में मंच के ऊपर से गुजरा तो तालियों की गड़गड़ाहट बढ़ती चली गई। इसके बाद बरेली से सुखोई-30 ने 90 अंश के कोण में उड़ान भरते हुए कलाबाजियां दिखाई।
टाइगर मॉथ ने भरी उड़ान
वायुसेना के हजारों जवानों को ट्रेनिंग देने वाले विंटेज विमान टाइगरमॉथ ने एक बार फिर वापसी की। 53 साल बाद उड़ान भर इस विमान ने अपनी ताकत का परिचय दिया। 1930 में तैयार किया गया हैवीलैंड डीएच-82 टाइगर मॉथ विमान रॉयल एयरफोर्स का भी हिस्सा रह चुका है।
एंब्रेयर पर रही सबकी निगाहें
अगस्त में वायुसेना बेड़े में शामिल ब्राजील से खरीदा गया एंब्रेयर विमान मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। अधिकारियों के अनुसार इसमें मौजूद राडार दुश्मन जहाज को पहचानकर हमला करने में सक्षम है। सारंग और सूर्यकिरण की अनुपस्थिति में इसी जहाज पर सबकी निगाहें टिकी रहीं।