गाजियाबाद। क्रिकेट में इस वर्ष का सबसे बड़ा आयोजन दिल्ली बनाम उत्तर प्रदेश रणजी मैच दो नवंबर से नेहरू क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इंग्लैंड का भारत दौरा 15 नवंबर से शुरू है। ऐसे में दो नवंबर से शुरू हो रहे रणजी मैच में गाजियाबाद के लोगों को न केवल वीरेंद्र सहवाग की विस्फोटक बल्लेबाजी देखने को मिलेगी बल्कि गाजियाबादी सुरेश रैना को भी होम ग्राउंड पर खेलते हुए देखने का मौका मिलेगा। केवल रणजी मैच ही नहीं अंडर-25 सीके नायडू ट्रॉफी और अंडर-19 कूच विहार ट्रॉफी भी नेहरू स्टेडियम में ही आयोजित होगी।
गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने बताया कि दिल्ली बनाम यूपी रणजी मैच 2 नवंबर से 5 नवंबर तक नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी। इसके लिए जीडीए ने अनुमति दे दी है। साथ ही अंडर-25 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच मैच 17 नवंबर से 20 नवंबर तक होगा।
साथ ही अंडर 19 कूच बिहार ट्रॉफी के लिए मैच उप्र और बंगाल के बीच 22 दिसंबर से 25 दिसंबर तक होगा। जीसीए चेयरमैन उमेश चोपड़ा ने बताया कि दिल्ली और यूपी के बीच रणजी मैच काफी रोमांचक होगा। इस दौरान धीरेंद्र कुमार, हरीश, मनोज गौड़, सुनील सैनी मौजूद रहे।
मैच की तिथि
रणजीः उप्र बनाम दिल्ली- 2 नवंबर से 5 नवंबर तक
अंडर-25 कर्नल सीके नायडूः उप्र बनाम मध्य प्रदेश-17 नवंबर से 20 नवंबर तक
अंडर 19 कूच बिहार ट्रॉफीः उप्र बनाम बंगाल- 22 दिसंबर से 25 दिसंबर तक