गाजियाबाद/ साहिबाबाद। दिल्ली- यूपी बार्डर पर बसी छह कालोनियों के लोगों को ब्लैक आउट का साया चैन से सोने नहीं दे रहा है। दिल्ली की बिजली कंपनी बीएसईएस का एक नोटिस उनका चैन उड़ा देता है। गाजियाबाद प्रशासन ने भी बगैर किसी पूर्व सूचना के बिजली काटने पर बीएसईएस पर एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर ली है।
मई से दिल्ली और यूपी सीमा का डिमार्केशन किया गया। अभी तक फाइनल बाउंड्री लाइन की घोषणा नहीं हुई। बार्डर पर बसी प्रतापनगर, शक्तिगार्डन, राधा विहार, ईस्ट गोकुलपुर, जवाहर नगर और अमर कालोनी में दिल्ली की बिजली कंपनी बीएसईएस सप्लाई कर रही है। अप्रैल से लेकर अब तक बीएसईएस तीन बार बिजली काट चुकी है। इससे कई लाख लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। यहां के लोग काम धाम छोड़कर बिजली बचाने में लगे हैं।