मसूरी। गांव खिचरा में शुक्रवार सुबह दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ और लाठी-डंडेे चले। बाइक की टक्कर लगने से घर के बाहर खेलती बच्ची के मामूली घायल होने पर यह बवाल हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। इस दौरान दोनों पक्षों के 9 लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
पिलखुवा के गांव सिखैड़ा निवासी भूरेे मसूरी के गांव खिचरा में अपने एक रिश्तेदार के घर आया था। सुबह करीब 9 बजे भूरे अपनी बाइक से स्टैंड की ओर जा रहा था। इसी बीच अंबेडकर पार्क के पास शेर मोहम्मद की सानिया(5) उसकी बाइक से टकराकर मामूली रूप से घायल हो गई। गुस्साए सानिया के परिजनों ने भूरे की पिटाई कर दी। यह बात जब भूरे के रिश्तेदारों को पता चली तो वह भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों में लाठियां और फरसे चले। इस बीच पथराव भी हुआ। इससे गांव में भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया।
घटना में मासूम सानिया के अलावा गुलबहार, हसमत, कदीर और दूसरे पक्ष से अहसान, कय्यूम, अमीरुद्दीन और नवाजिस घायल हो गए। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मसूरी एसओ पीके सिंह ने बताया कि एक पक्ष की ओर से आठ लोगों के खिलाफ तहरीर आई है। पुलिस अभी मामले की पड़ताल कर रही है।