मोदीनगर। राजचौपले पर शनिवार रात एक बजे आठ शराबी युवकों ने आईटी के दो छात्रों को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। हमलावरों ने एक स्टूडेंट पर नुकीली वस्तु से ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस के अनुसार आरोपी भी स्टूडेंट हैं। रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
बनारस के छिद्दीपुर निवासी बाबा गुरु पुत्र संतोष कुमार और गोरखपुर शाहपुर थाना क्षेत्र निवासी आकाश जायसवाल पुत्र प्रेम कुमार एक निजी संस्थान में आईटी फाइनल वर्ष के छात्र हैं। आकाश नोएडा स्थित पीसीएस साफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर भी है। परीक्षा होने के कारण कुछ दिनों से वह अपने दोस्त बाबा गुरु के साथ शिवपुरी स्थित एक किराये के मकान में रहा रहा है। छात्रों ने बताया कि शनिवार रात करीब एक बजे दोनों पढ़ाई करने के बाद चाय पीने राज चौपले पर गए। वहां आठ शराबी युवकों ने उन्हें घेर लिया और दोनों के साथ जमकर मारपीट की। हमलावरों ने बाबा गुरु को कमर पर नुकीली वस्तु और पंच से ताबड़तोड़ वारकर लहूलुहान कर दिया। बाबा गुरु की ने आठ अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। कोतवाल अजय कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज हो गई है। कोई भी हमलावर बचेगा नहीं।