मोदीनगर। नई दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह गेटमैन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। यदि गेटमैन शोर न मचाता तो खुले फाटक पर लोग ट्रेन की चपेट में आ जाते। जम्मूतवी से नई दिल्ली जा रही शालीमार एक्सप्रेस विजयनगर रेलवे फाटक-16 को खुले में पार कर गई। ट्रेन चालक ने कॉशन की अनदेखी कर रेड फ्लैग को भी तोड़ दिया। घटना के चलते शालीमार एक्सप्रेस फाटक के बीच करीब सात मिनट खड़ी रही। घटना सुबह साढ़े नौ बजे की है।
विजय नगर रेलवे फाटक -16 पर तैनात गेटमैन को मोदीनगर रेलवे स्टेशन मास्टर ने गेट बंद करने का नंबर नहीं दिया, जबकि जम्मूतवी से नई दिल्ली जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस मोदीनगर रेलवे स्टेशन को पार कर गई। गेटमैन ने दूर से ट्रेन आती देख पहले ट्रैक के बीच रेल फ्लैग लगाया और फाटक को बंद करने की कोशिश की। फाटक पर वाहनों का दबाव होने के कारण वह बंद नहीं कर सका। इस पर गेटमैन वीर सिंह ने शोर मचाकर लोगों को सचेत किया। लेकिन जब तक फाटक बंद होता शालीमार एक्सप्रेस रेल फ्लैग को तोड़कर खुले फाटक को पार कर गई। फाटक पर गुस्साए लोगों ने गेटमैन का घेराव कर बवाल काटा। जिन्हें मौके पर पहुंचे रेल अधिकारियों ने शांत किया। फाटक के बीच खड़ी शालीमार एक्सप्रेस को गंतव्य के लिए रवाना किया।
गेट मैन वीर सिंह का कहना हैफाटक बंद करने के लिए स्टेशन मास्टर फोन पर नंबर देते हैं। लेकिन शालीमार एक्सप्रेस आने से पूर्व नंबर नहीं दिया गया था।
ट्रेन आने से पूर्व 9:15 पर गेटमैन को फाटक बंद करने के लिए फोन पर नंबर दिया गया था। फाटक किस कारण बंद नहीं हुआ। फाटक बंद करने में गेटमैन ने लापरवाही बरती है। फाटक नंबर 16 पीडब्ल्यूआई के अधीनस्थ है। इससे स्टेशन को लेना देना नहीं है। स्टेशन मास्टर ने ट्रेन की सूचना दी थी। स्टेशन कंट्रोल में रखी नोट बुक में दर्ज है।-गणेश चंद्रा, स्टेशन अधीक्षक