गाजियाबाद। महामाया प्राविधिक विश्वविद्यालय (एमटीयू) द्वारा आयोजित बीटेक, एमबीए, एमसीए, बीफार्मा, बीएफएडी, बीआर्क और एचएम (सेकेंड और फोर्थ सेमेस्टर) की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षा के लिए तीन नोडल सेंटर और 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। करीब 30 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए एमटीयू ने ग्रुप लीडर और सेंटर कंट्रोलर की सूची जारी कर दी है।
नोडल सेंटर आरकेजीआईटी से 7 परीक्षा केंद्रों को संबद्ध किया गया है। इनमें काइट, बीबीडीआईटी, आरडी इंजीनियरिंग कालेज, एचआरआईटी, आइडियल इंस्टीट्यूट, आरकेजीआईटी और केईसी शामिल हैं। वहीं, दूसरे नोडल सेंटर एबीईएस इजीनियरिंग कालेज से एकेजीईसी, एबीईएस आईटी, एबीईएसईसी, विश्वेश्वरैया इंस्टीट्यूट और हाईटेक इंस्टीट्यूट सेंटर पर होने वाली परीक्षा की मानीटिरिंग होगी जबकि तीसरे नोडल सेंटर सुंदरदीप इंजीनियरिंग कालेज से भी आईएमएस, विवेकानंद, श्री गणपति समेत 7 परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रखी जाएगी। नोडल सेंटर आरकेजीआईटी के प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित होंगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10-12 और 10-1 बजे तक जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30-5.30 और 2.30 से 4.30 बजे तक चलेगी। बीटेक सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा मैथमेटिक्स के साथ और फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा स्ट्रेंथ ऑफ मैटेरियल के साथ शुरू होगी। बीटेक की परीक्षा 14 मई तक चलेगी। एमबीए सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा 18 मई तक और एमबीए फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 21 मई तक होगी। एमसीए की सेकेंड और फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 11 मई तक चलेगी। बीफार्मा की परीक्षा 11 मई तक चलेगी।