घाटमपुर कस्बे के मोहल्ला कटरा में चोरों ने दो घरों से लाखों रुपये का माल पार कर दिया। मोहल्ला निवासी परिषदीय विद्यालय के शिक्षक के घर में बक्से तोड़ने के बाद जेवर और नगदी ले गए।
ट्रक चालक के घर से चोर कपड़े और बर्तन तक उठाकर फरार हो गए। पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज करने में टाल-मटोल करती रही।
एसओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
मोहल्ला कटरा पूर्वी निवासी शिक्षक मो. शकील का मकान इस्लामियां इंटर कालेज के पिछवाड़े की ओर है।
बताया कि बीते शुक्रवार रात वह परिवार के साथ मकान के एक कमरे में सोए थे। देररात चोरों ने उनके मकान में धावा बोला। चोर कमरों में रखे बक्सों को तोड़ने के बाद उनमें रखे जेवर और नगदी के अलावा बर्तन आदि उठाकर ले गए।
चोर सोने और चांदी के जेवरातों के साथ 16 हजार रुपये नगद और दो बहनों के दहेज का सामान कपड़े और बर्तन आदि उठाकर ले गए। बताया कि चोरी गए सामान की कीमत तकरीबन चार लाख रुपये के आसपास है।
इधर, चोरों ने कुछ दूरी पर रहने वाले ट्रक चालक गुड्डू सोनकर के मकान में धावा बोला। चोरों ने यहां पर पानी की मोटर स्टार्ट कर दी। घरवालों को बक्से और ताले तोड़ने की खटपट नहीं सुनाई दी।
गृहस्वामी के अनुसार चोर उसके मकान से कपड़े, बर्तन और कुछ नगदी सहित 65 हजार रुपये का सामान ले गए हैं। लोगों को दोनों घरों में चोरी की घटना की जानकारी शनिवार की सुबह मिली। कसबा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल करके वापस लौट आई।
शिक्षक मो.शकील ने बताया कि पुलिस घटना को संदिग्ध बताकर रिपोर्ट दर्ज करने में टालने करती रही। उन्होंने जोर दिया तो काफी टाल-मटोल के बाद थानाध्यक्ष ने उनकी रिपोर्ट दर्ज करवाने का आश्वासन दिया।