कसबा सजेती में गुरुवार की शाम सवारियां लेकर जा रहा एक टेंपो तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार दस लोग घायल हो गए। सीएचसी (घाटमपुर) से तीन घायलों को कानपुर रेफर किया गया है।
हादसे का शिकार लोग एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। घाटमपुर थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर (मुरलीपुर) निवासी पार्वती देवी (65) ने बताया कि उसकी पुत्री की ससुराल सजेती थाना क्षेत्र के गांव सूरजपुर में है।
बताया कि आज (गुरुवार) को उसकी नातिन की बारात आ रही है, जिसमें शामिल होने के लिए वह परिजनों के साथ सूरजपुर जा रही थी। बताया कि सभी लोग एक टेंपो में सवार होकर जा रहे थे।
शाम करीब 4.30 बजे टेंपो जैसे ही सजेती कसबे में पहुंचा। तभी, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर चालक ने अचानक ट्रैक्टर मोड़ दिया, जिस पर टेंपो ट्रैक्टर की ट्राली से टकराकर रोड के किनारे पलट गया।
उसमें सवार लोग टेंपो के भीतर और उसके नीचे दब गए। हादसा देख कसबे के लोग दौड़े उन्होंने पलटे टेंपो को सीधा करने के बाद उसमें फंसे घायलों को बाहर निकाला।
सड़क निर्माण कंपनी (पीएनसी) की एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी घाटमपुर पहुंचाया गया। घायलों में शकुंतला देवी (35) उसके दो बच्चे विशाल (7) और किशना (4), निवासी गांव बांध (सजेती), छन्नू (40) पुत्र रामधनी निवासी बीबीपुर (सजेती), नीतू (32) पत्नी अजय, अंकिता (32) पत्नी राजबाबू और उसका पुत्र राहुल (10) निवासी ताजपुर (घाटमपुर) सहित दस लोग शामिल हैं।
सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से डाक्टरों ने शकुंतला, नीतू और छन्नू को कानपुर रेफर कर दिया है। घायलों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से गाड़ी समेत भागने में सफल रहा।