भीतरगांव कस्बे के बौहार गांव में एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ जहर पीकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। इलाज के बाद दो बच्चों की हालत सामान्य हो गई। जबकि, महिला और उसकी बड़ी बेटी को कानपुर नगर के एक नर्सिंग होम मेें भर्ती कराया गया है। जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
बौहार गांव निवासी शिवबाबू उत्तम (40) की 14 अगस्त को डेंगू बुखार से मौत हुई थी। परिवार में पत्नी सरोज उत्तम (35) और तीन बच्चे काजल (10), नैना (8) और बेटा प्रिंस (8 माह) हैं।
पति की मौत होने के बाद सरोज सदमे में रहने लगी थी। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं देखकर मायके वाले अपने घर ले गए थे। दो दिन पहले ही सरोज मायके से बौहार गांव लौटी थी।
मंगलवार की रात परिवार के सदस्य सोए हुए थे, तभी सरोज ने तीनों बच्चों के साथ जहर पी लिया। भोर में तीनों की हालत बिगड़ी देखकर घर के अन्य सदस्य उसके कमरे में पहुंचे।
बेहोश पड़ी सरोज और उसके बच्चों को वाहन में लादकर जहानाबाद (फतेहपुर) ले गए। डाक्टरों ने इलाज के बाद दोनों छोटे बच्चों की हालत सामान्य बताई। सरोज और उसकी बड़ी बेटी काजल (10) को कानपुर रेफर कर दिया।
सरोज के देवर ने बताया कि दोनों को नौबस्ता (कानपुर) स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, पड़ोसियों और गांव के लोगों ने बताया कि पति की मौत के बाद सरोज दुखी थी।
उसके ससुर चंद्रपाल ने ग्राम प्रधानी के लिए नामांकन पत्र भरा है। सरोज इसका विरोध कर रही थी। विरोध के बाद ससुर द्वारा फार्म भरे जाने से नाराज होकर सरोज ने बच्चों के साथ कीटनाशक पी लिया।
बिरहर चौकी इंचार्ज नरेश सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान ने सूचना दी है, वह घटना की जांच कर रहे हैं।