शिवराजपुर में जर्जर तारों से निकली चिंगारी से एक रुई की दुकान में आग लग गई। आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे बिजलीघर से आपूर्ति कटवाकर आग पर काबू पाया। आग लगने से कई हजार रुपये की रुई और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया।
शिवली रोड पर बबलू दुबे की रुई की दुकान हैं। बबलू दुबे ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दुकान के ऊपर से गुजरी विद्युत विभाग की हाईटेंशन लाइन की आपूर्ति शुरू होते ही चिंगारी निकलने लगीं। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक बिक्री के लिए रखी रुई और अन्य कपड़े के उत्पादों में आग लग गई। करंट होने से आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे।
आनन-फानन में लोगों ने विद्युत कर्मियों को मोबाइल पर सूचना देकर बिजली आपूर्ति रुकवाई। इसके बाद करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद सबमर्सिबल पंप चलवाकर आग पर काबू पाया। आग बुझने के काफी देर बाद दमकल घटनास्थल पर पहुंच सकी।स्थानीय लोगों ने बताया कि अफसरों से कई बार जर्जर विद्युत लाइनों को बदलने की अपील की जा चुकी है, लेकिन तारों के बदले न जाने से स्पार्किंग की घटनाएं क्षेत्र में दिनों-दिन बढ़ रही हैं।