अवैध शराब फैक्ट्री संचालन में मौके से पकडे़ गए आरोपी।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रनियां में राजेंद्रा चौराहे के पास एक ढाबा के बगल में स्थित मुर्गी फार्म हाउस में सोमवार को नकली शराब की फैक्ट्री पकड़ी गई। मौके से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब, रैपर, स्टीकर और खाली बोतलें बरामद की गई और पुलिस ने दो लोगों को दबोचा है। इनसे पूछतांछ की जा रही है।
सोमवार की सुबह रनियां पुलिस को सूचना मिली कि राजेंद्रा चौराहे के समीप सिंह ढाबा के पीछे एक मुर्गी फ ार्म हाउस के अंदर कमरे में देशी शराब की फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा है। इस पर अकबरपुर चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार, रनियां चौकी इंचार्ज यूसी शर्मा व कैलाशनाथ ने मुर्गी फार्म हाउस में छापा मारा और भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडाफोड़ हुआ। कमरे के अंदर से 600 से अधिक करीना व माधुरी ब्रांड की शराब से भरी बोतलें बरामद हुई।
वहीं, बोतलों पर करीना व माधुरी के रैपर भी चस्पा थे। साथ ही 8 लीटर देशी शराब बनाने वाला केमिकल भी बरामद किया गया है। एक पैकिंग करने वाली मशीन, दो खाली ड्रम, तीन हाफ ड्रम, खाली बोतलों की एक झाल, ढक्कन एक एक बंडल रैपर माधुरी व करीना के पुलिस ने बरामद किए। साथ ही पुलिस ने फत्तेहपुर गांव के मजरे आर्यनगर के अजय सिंह व उमेश सिंह पुत्रगण रघुनाथ सिंह को मौके से धर दबोचा।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह यहां माल तैयार करते थे। इसके बाद बोतलों को पेटी में भरकर बेंच दिया जाता था। इस कारोबार में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। देर शाम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संबंध में रनियां चौकी इंचार्ज यूसी शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध शराब फैक्ट्री चलाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।