मंगलपुर थाना क्षेत्र के रामपुर टप्पेवान गांव में सोमवार की देररात खाना बनाते समय आग लग गई। सिलेंडर तेज धमाके से फट गया। जिससे घर की दीवार गिर गई। घर में रखे जेवर, नगदी, गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। दमकल ने दो घंटे तक की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घर में मौजूद लोगों ने बाहर भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
रामपुर टप्पेवांन गाव निवासी मनमोहन सिंह की पुत्री लक्ष्मी सोमवार की देर रात गैस चूल्हे पर खाना पका रही थी। पत्नी शांती देवी वहीं पर बैठी थी। सिलेंडर लीकेज होने से अचानक आग की लपटें उठने लगी। रसोई में आग लगते ही लक्ष्मी और शांति शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागीं।
घर में लगी आग को देखकर ग्रामीण पहुंचे। लेकिन आग का फैलाव ज्यादा होते ही ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दमकल वाहन मंगवाया। दमकल कर्मी आग बुझाने का प्रयास कर ही रहे थे, तभी सिलेंडर तेज धमाके से फट गया। धमाका इतना तेज था कि मकान की दीवार गिर गई। इससे भगदड़ मच गई।
करीब दो घंटे बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। घर में रखी 50 हजार की नगदी, जेवर, कपड़ा अनाज आदि लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया था। कानूनगो सुरेश मिश्रा ने बताया कि आग से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। रिपोर्ट डेरापुर तहसील भेजी जा रही है।
झींझक चौकी के एचसीपी रणबीर चौहान ने बताया की हादसे का जायजा लिया गया है।