सिकंदरा। थाना क्षेत्र में आगरा हाईवे पर आलमपुर गांव के सामने कंटेनर-ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि, 17 लोग जख्मी हो गए। घायलों को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।
ट्राली में सवार करीब तीन दर्जन लोग यमुना के अमराहट घाट पर वृद्धा के शव का दाह संस्कार करने के बाद लौट रहे थे। वहीं, घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। जिससे करीब एक घंटे आवागमन प्रभावित हुआ।
थाना क्षेत्र के बुधेड़ा-डेरा निवासी बच्चनसिंह नायक ने बताया कि उनकी वृद्ध मां अनारो देवी का गत शुक्रवार शाम निधन हो गया था। शनिवार की दोपहर यमुना के अमराहट घाट पर शव का दाह संस्कार किया गया। शव-यात्रा में परिजनों समेत करीब तीन दर्जन लोग ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर गए थे। वहां से वापस आते वक्त हाईवे पर आलमपुर गांव के सामने पीछे से आ रहे कंटेनर-ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्राली पलट गई। इस हादसे के बाद ट्रक छोड़कर उसका ड्राइवर चला गया।
हादसे में विजय सिंह (30) और अनारोदेवी के पौत्र गोविंद सिंह (17) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वहीं उमेश (35), सुरेश (45), कृपालसिंह(40), मंतोष सिंह (35), धीरजसिंह (25), उत्तमसिंह (45), चरनसिंह(35), मुकेश(18), राजेंद्र(35), मूलचंद्र (60), चोबसिंह(50), सुघरसिंह(65), चेतराम (35), अजयसिंह (47), महेंद्र (47), ओमप्रकाश (37), सरजीत(45) जख्मी हो गए। हादसे पर गांव में कोहराम मच गया और मृतकों के परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।
घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग पर जाम लगा दिया। एसडीएम सियाराम मार्य और डेरापुर के डीएसपी माजिद अब्सार ने ग्रामीणों को समझाकर रोड से हटाया। थाने क उपनिरीक्षक प्रदीपसिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ट्रक को कब्जे में लेकर उसके ड्राइवर को तलाश किया जा रहा है। रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।