एक हफ्ते पहले कस्बा स्थित पं. रामकुमार ग्राम्य विद्यापीठ इंटर कालेज परिसर में खुले यूको बैंक शाखा में बुधवार रात चोरों ने नकब लगाकर चोरी का प्रयास किया। पीछे की दीवार काटकर अंदर घुसे बदमाशों ने स्ट्रॉन्ग रूम की दीवार तोड़ने की कोशिश की लेकिन वह टूट नहीं सकी।
नाकाम होने पर वह भाग निकले। इससे पहले शातिरों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में टेप लगा दिया था, जबकि सायरन का प्लग निकाल फेंका था। सेंध लगाने से पहले बैंक की बिजली भी काट दी थी। मॉर्निंग वॉकर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चौकीदार को हिरासत में लिया है।
पं. रामकुमार ग्राम्य विद्यापीठ इंटर कालेज परिसर में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे स्कूल के शिक्षक कस्बा निवासी किशन लाल यादव ने बैंक की दीवार टूटी देख पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर एसपी आरए सुरेंद्र नाथ तिवारी फोर्स के साथ पहुंचे।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड ने भी पड़ताल की। खोजी कुत्ता कालेज से रेलवे लाइन की ओर जा पहुंचा, यहां से करीब आधा किमी दूर कस्बे की बैलाही बाजार में बने एक कमरे के बाहर रुक गया। वह कमरा महेश वाल्मीकि का है जो कि कालेज में सफाई कर्मी है और चौकीदारी भी करता है। पुलिस ने महेश को हिरासत में लिया है।