थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को छेड़खानी से तंग आकर कक्षा 11 की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। शाम को परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी फरार है।
गांव निवासी छात्रा दूसरे गांव के इंटर कालेज में पढ़ती थी। पिता ने बताया कि सोमवार को गांव के शिवम ने बेटी से सरेराह छेड़खानी की थी, जिसको कई लोगों ने देखा था। रोकने पर शिवम जान की धमकी देकर भाग गया था। घर लौटी बेटी ने आपबीती बताई तो पिता उलाहना देने जब आरोपी के घर गए तो उनसे अभद्रता की गई।
इस घटना के बाद से बेटी बहुत दुखी थी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे माता-पिता, छोटा भाई और बड़ी बहन सभी खेत गए हुए थे। वह घर में वह अकेली थी तभी दुपट्टे फांसी लगा ली। दोपहर करीब 12 बजे परिजन खेत से लौटे तो वह कमरे में फांसी पर लटकी मिली। बाद में पुलिस अधीक्षक पुष्पांजलि, सीओ संजीव सिन्हा ने गांव पहुंचकर जांच की।
थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।