भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के चांदापुर गांव में मंगलवार को जगदीश संखवार की हत्या मामले का शनिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया । हत्यारोपी ने रंजिश में हत्या की बात कबूल करते हुए तमंचा भी बरामद करा दिया। हालांकि इस साजिश में उसके साथ शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
बीते बुधवार को सवेरे चांदापुर निवासी जगदीश संखवार का शव मिला था। उसके भाई रमेश ने गांव के ही छह लोगों पर हत्या करने का शक जताया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके दो लोगों को हिरासत में लिया था। कोतवाल फरमूद अली पुंडीर ने बताया कि बच्छन ने ने बताया कि रोशन से उसकी दोस्ती है। रोशन ने रंजिश के चलते रमेश और उसके भाई जगदीश की हत्या करने की योजना बनाई थी। रमेश और रोशन के परिजनों के बीच कई मुकदमे विचाराधीन हैं।
योजना के तहत मंगलवार को दोपहर में जगदीश को भोगनीपुर में दावत दी गई और रात में जगदीश को गेहूं की फसल के गट्ठे बांधने के बहाने बुला लिया। इस बीच रोशन भी पीछे से आकर गन्ने के खेत में छिप गया। खेत से पुआल लेकर चलने पर जगदीश पर पहले उसने ही गोली मारी, जो जगदीश के हाथ में लगी और वह गिर गया। इसके बाद रोशन ने उसकी गर्दन में गोली मार दी और शव को खेत में ही पुआल से ढक दिया। आरोपी को कोर्ट से जेल भेज दिया गया।