कोतवाली क्षेत्र के उमरी गांव में चोरों ने एक घर में धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवर और नगदी पार कर दिया। वारदात के वक्त परिवार के सदस्य सो रहे थे। आशंका है कि चोरों ने नशीले स्प्रे का प्रयोग किया है।
गांव निवासी रामचंद्र सचान किसान है। उसके दो बेटे बाबू सचान और अजीत सचान है। मंगलवार की रात घर में छोटा भाई अजीत, उसकी पत्नी और बच्चों के अलावा पिता रामचंद्र सचान और मां सुंदरा देवी थीं।
रात में रामचंद्र शराब ठेके के बाहर सोया हुआ था। जबकि, अजीत और परिवार के अन्य सदस्य घर में लेटे थे। देररात चोर छत के रास्ते से मकान में दाखिल हुए।
कमरों में रखे बक्सों और अलमारी के ताले तोड़ने के बाद पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 90 हजार रुपये नकदी के अलावा बर्तन कपड़े और अन्य सामान उठा ले गए।
रामचंद्र ने बताया कि नकदी बीमार बेटे के इलाज के लिए घर में रखी थी। बड़े बेटे को कैंसर की बीमारी है। रामचंद्र ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।