बदमाशों के चंगुल से छूटा प्रधानाध्यापक हरिश्चंद्र
रूरा थाने के गैजूमऊ हीरानगर गांव से बीते पांच दिसंबर को लापता हुए प्रधानाध्यापक को अगवा किया गया था। गुरुवार देर शाम प्रधानाध्यापक तीन बदमाशों के चंगुल से भाग निकला। प्रधानाध्यापक के हाथों को अंगोछे से बांधा गया था। परिजन सूचना पर उसे लेने को रवाना हुए हैं।
गैजूमऊ हीरानगर निवासी हनुमान ने पुलिस को बताया था कि उसका पुत्र हरिश्चंद्र (24) कस्बा के गांधी नगर मोहल्ला स्थित ज्ञानस्थली स्कूल रूरा में प्रधानाध्यापक है। पांच दिसंबर को वह स्कूल से करीब बारह बजे अपनी साइकिल छोड़कर कहीं चला गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला है।
गुरुवार देर शाम उसे तीन बदमाश कार से अगवा कर कहीं ले जा रहे थे। तभी वह खानपुर उईछा रोड पर पेशाब करने के बहाने नीचे उतरा और बदमाशों को धक्का देते हुए भागकर मुडेरा किन्नर स्थित पप्पू दिवाकर के मकान में घुस गया। जहां उसने पप्पू को पूरी घटना बताई। इस पर पप्पू ने परिजनों को जानकारी दी।
चंगुल से छूटे प्रधानाध्यापक हरिश्चंद्र ने बताया कि बदमाशों ने उसकी आंख पर पट्टी बांध रखी थी। इससे उसे स्थान की जानकारी नहीं हो सकी है। देर शाम कार से ले जाते समय वह पेशाब करने के बहाने भाग निकला। परिजन देर शाम लेने के लिए मुडेरा किन्नर गांव को रवाना हुए।