कस्बे के राजेंद्रनगर में घर से खेलने को निकला किशोर अचानक लापता हो गया। इसकी सूचना पुलिस चौकी में दी गई। चौकी इंचार्ज ने तलाश शुरू करा दी है। वहीं, ढाई माह पूर्व कस्बे से ही लापता युवक का मोबाइल कश्मीर में मिला है। इसे लेकर लोगों में भय और दहशत का माहौल है।
राजेंद्रनगर निवासी प्रहलाद सिंह ने बताया कि उनका पुत्र अर्पित मनू 12 सोमवार को मिलेनियत पब्लिक स्कूल से घर आया था। खाना खाने के बाद वह दरवाजे के पास ही खेलने की बात कहकर निकल गया। देर शाम तक वापस न आने पर चिंता हुई।
मोहल्ले व रिश्तेदारी में पता करने पर भी कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस चौकी में दी। चौकी इंचार्ज सुनील कुमार जोसी ने बताया कि किशोर की तलाश में कस्बे में लाउड स्पीकर से एनाउंस कराया गया। उसकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
15 जून को कस्बे के ही अब्दुलकलाम नगर निवासी उदयसिंह का पुत्र सुदीप शर्मा (13) घर से लापता हो गया था। उसने एटीएम से रुपये भी निकाले थे। बाद में मोबाइल से पंथा चौक श्रीनगर कश्मीर में मोहम्मद यासीन बट के यहां उसका पता चला था।
भोगनीपुर कोतवाली की पुलिस टीम के एसआई माया प्रसाद ने पंथा चौक स्थित अल्तरिम होटल के मालिक मंजूर अहमद के पास से सुदीप का मोबाइल बरामद कर लिया। जबकि होटल मालिक बारामूला कश्मीर थाना टंग के कलांथरा का रहाना वाला है।
सुदीप के पिता ने एसपी से पुत्र के आतंकियों में चुंगल में फंसने की आशंका व्यक्त करते हुए उसको वापस लाने की गुहार लगाई थी। उसका पता अभी तक नही चला। सुदीप पहले उरई गया था जिसकी लोकेशन भी मिली थी। कोतवाल शैलेंद्र सिंह के अनुसार कोर्ट से वारंट मिलने पर दुबारा टीम जाएगी।
वहीं, कस्बे से एक के बाद एक किशोरों के गायब होने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इससे लोगों में दहशत है। चौकी इंचार्ज सुनील कुमार जोशी के अनुसार मां के डांटने से अर्पित कहीं चला गया है। तलाश करा रहे हैं।