पुलिस चौकी कुवांखेड़ा के निबियाखेड़ा गांव स्थित प्राचीन भद्रेश्वर महादेव मंदिर में चोरों ने धावा बोलकर पीतल के कीमती सात घंटे काटकर चोरी कर लिए। सुबह लोगों को घटना की जानकारी हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
थाना सजेती के निबियाखेड़ा गांव में सूर्यवंशी राजाओं का बनवाया प्राचीन शिव मंदिर है। ईंटों से निर्मित मंदिर पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है। मंदिर की देखभाल के लिए केयर टेकर भी तैनात है।
केयरटेकर रामनरेश पाल ने बताया कि रविवार की रात वह परिसर में सो गया। सुबह जागकर देखा तो मुख्य मंदिर के भीतर से चोर पीतल के सात घंटे चोरी कर ले गए थे। लोहे की जंजीरें जिनमें घंटे बंधे वह नीचे कटी पड़ी थीं।
मंदिर में घंटे चोरी होने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में गांव के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि छह महीने पहले भी इसी तरह मंदिर के कई घंटे चोरी हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में तैनात केयरटेकर के पास कुछ नशेबाजों का आना-जाना रहता है। आरोप है कि घंटे चोरी की करतूत नशेबाजों की भी हो सकती है।
इधर, सजेती एसओ आलोक यादव ने बताया कि घटना की जांच के लिए कुवांखेड़ा चौकी इंचार्ज सुशील कुमार को भेजा है। बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।