कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के इनायतपुर गांव में शुक्रवार को पुलिस ने एक घर में छापा मारकर नकली देसी शराब बनाने की फैक्ट्री को पकड़ा। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि, तीन लोगों मौके से भाग निकले। पकड़े गए लोगों में एक किशोर भी शामिल है। पुलिस ने पकड़े गए सभी लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
रूरवाहार पुलिस चौकी के तहत आने वाले इनायतपुर गांव में नकली देसी शराब बनाने की सूचना पुलिस मिली थी।
शुक्रवार की सुबह एचसीपी रजपाल पाठक व सुबेदार सिंह ने गांव के संजय, रंजीत व सुखदेव के घरों में छापा मारा। छापेमारी के दौरान बड़े पैमाने पर नकली शराब बनाने का कच्चा माल, खाली शीशियां और केमिकल के ड्रम बरामद किया गया। पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया। मौके से ललितेश पुत्र राधेश्याम निवासी रूरवाहार, संजय पुत्र रामऔतार निवासी इनायतपुर व नाबालिग को हिरासत में लिया।
अकबरपुर कोतवाली में आरोपियों ने बताया है कि यह लोग यहां माल तैयार करके गांवों में आपूर्ति करते हैं। आरोपियों के मुताबिक कारोबार का संचालन सुखदेव, राजकुमार व मंगेश करता है। फरार होने वालों में मुख्य आरोपी सुखदेव का पुत्र गांव के ही प्राइमरी पाठशाला में पांचवीं का छात्र भी शामिल है।
अकबरपुर कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि नकली शराब मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में टीम दबिश दे रही है। नकली शराब का बड़ा रैकेट चल रहा है। इसपर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
इनायतपुर में पहले भी पकड़ा जा चुका शराब का कारोबार
कानपुर देहात। जनपद में अकबरपुर, रूरा और मैथा, रनियां क्षेत्र अवैध शराब के प्रमुख गढ़ बनते जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले ही इनायतपुर गांव में देशी शराब ठेके के सेल्समैन हरमोहन सिंह यादव के घर में अवैध शराब का कारोबार पकड़ा गया था।
इस मामले में रूरा निवासी देशी शराब ठेके के अनुज्ञापी का नाम सामने आया था। इसपर देशी शराब दुकान कैसिलेंशन प्रस्तावित किया गया था। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में रूचि नहीं दिखाई। मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
एकबार फिर इनायतपुर गांव में नकली शराब का कारोबार पकड़ा गया है। इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि बीते माह रनियां में पकड़ी गई शराब के मामले में मुख्य आरोपी की पहचान हो गई है। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।