घाटमपुर कोतवाली की पुलिस चौकी पतारा क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी से एक युवक ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और साथी के संग फरार हो गया।
किशोरी के पिता की तहरीर पर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया गया। धरमपुर बंबा के किनारे बसे गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री रविवार की सुबह करीब 11.30 बजे खाना बनाने के लिए बाग से लकड़ियां लेने जा रही थी।
तभी रास्ते में मुन्नीलाल पाल के खेत के पास गांव का ही शेषनरायन अपने ट्रैक्टर चालक सैयद पुत्र रामप्रसाद पाल के साथ मिला। आरोप है कि शेषनरायन ने किशोरी को आवाज देकर अपने पास बुलाया।
वह जैसे ही उसके पास पहुंची तो शेषनरायन उसका हाथ पकड़कर बाग में खींच ले गया और शेषनरायन के उकसाने पर सैयद ने उससे दुष्कर्म किया। इस दौरान शेषनरायन वहां पहरेदारी करता रहा। किशोरी के विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मार डालने की धमकी दी। इसके बाद दोनों वहां से भाग गए।
किशोरी ने घर पहुंचकर अपनी मां और पिता को घटना बताई। वह उसे लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे। एसओ एके सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बताया कि प्रथम दृष्टा जांच में मामला छेड़खानी का प्रतीत होता है। जबकि, आरोपी शेषनरायन और किशोरी के पिता के बीच ट्रैक्टर से खेतों की जुताई के रुपये को लेकर लेनदेन का विवाद भी हो सकता है।
बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है। किशोरी को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।