भीतरगांव पुलिस चौकी साढ़ के अमौर गांव में एक खेत मालिक ने मेड़ में लगे कटीले तारों में बिजली का करंट दौड़ा दिया। जिसकी चपेट में आने से शनिवार को एक मादा सुअर की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांववालों ने हंगामा किया। पुलिस खेत मालिक को पकड़कर पुलिस चौकी ले आई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि यदि कोई तहरीर देता है तो खेत मालिक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अमौर गांव निवासी सुरेंद्र सिंह भदौरिया के खेत गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास हैं। लाही की फसल खड़ी हुई है। सुरेंद्र ने मवेशियों से फसल की सुरक्षा के लिए खेत की मेंड़ में कंटीले तार बांध रखे हैं।
शनिवार की सुबह अचानक एक मादा सुअर कंटीले तारों में उलझकर छटपटाने लगी। लोगों का ध्यान गया तो पता चला तारों में बिजली का करंट प्रवाहित है। लोग कुछ समझ पाते सुअर की मौत हो गई।
यह देख तमाम लोग जमा हो गए। खेत मालिक ने तारों में बिजली का करंट दौड़ा रखा है, इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई हंगामा करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कोई बच्चा धोखे से तारों को छू लेता तो वह हादसे का शिकार हो जाता।
साढ़ चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया। पुलिस खेत मालिक सुरेंद्रसिंह और उसके पुत्र को पकड़कर चौकी ले आई। देर शाम तक किसी ने घटना के खिलाफ थाने अथवा चौकी में तहरीर नहीं दी है।