चैत्र नवरात्र पर्व के तीसरे दिन (रविवार) को मंदिरों में देवी के चंद्रघंटा और कूष्मांडा के स्वरूपों की पूजा करने को भारी भीड़ उमड़ी। कसबा स्थित कूष्मांडा देवी और चंद्रघंटा देवी के मंदिरों में व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। नवरात्र में देवी मंदिरों में कन्याभोज और प्रसाद वितरण भी कराया जा रहा है।
कसबे के चंद्रघंटा देवी मंदिर के पुजारी विजय मिश्रा ने बताया कि नवरात्र पर्व की तीसरी देवी के रूप में मां चंद्रघंटा की पूजा होती है। बताया कि इसी मान्यता के चलते देवी मंदिर में हजारों की संख्या में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। इधर, रविवार को ही चतुर्थी तिथि भी शुरू हो गई। भक्तों ने देवी के चतुर्थ स्वरूप मां कूष्मांडा का भी पूजन किया। प्रदेश के एकमात्र सिद्धपीठ कूष्मांडा देवी के मंदिर में सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों की कतारें लगी रहीं।
भक्तों ने बताया कि कल (सोमवार) को कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर में भव्य दीपदान का आयोजन किया गया है। नवरात्र पर देवी मंदिरों में कन्याभोज और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम भी लगातार जारी हैं। रविवार को देवी कूष्मांडा एवं चंद्रघंटा के मंदिरों के बाहर चल रहे प्रसाद वितरण कार्यक्रमों बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।