दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर अंबियापुर रेलवे स्टेशन के पास अप फरक्का एक्सप्रेस से गिरकर पूंछ (जम्मू -कश्मीर) निवासी 55 वर्षीय बीएसएफ जवान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
पूंछ निवासी सुरेश पुत्र रोशनलाल बीएसएफ की 60 बटालियन मालदा (पश्चिम बंगाल) में तैनात था। बुधवार की रात वह छुट्टी पर फरक्का एक्सप्रेस से अपने घर जा रहा था।
उसकी बटालियन के राकेश और विश्वनाथ भी उसके साथ थे। ट्रेन जैसे ही अंबियापुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी वह अपनी सीट के उठकर शौचालय की ओर गया।
वहां अचानक पैर फिसलने से वह अंबियापुर रेलवे स्टेशन के अप स्टाटर सिंग्नल के पास गेट से नीचे जा गिरा। साथी जवान राकेश व विश्वनाथ ने चेनपुलिंग कर ट्रेन को खंभा नंबर 1075 के 19 के सामने रोका और खोजबीन की। लेकिन, सुरेश का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद दोनों जवान फफूंद स्टेशन पर उतर कर झींझक पहुंचे और सूचना जीआरपी को दी।
स्टेशन मास्टर अंबियापुर ने मेमो भेजकर स्टाटर सिंग्नल के पास खंभा नंबर 1070 के 29/31 के बीच शव पड़े होने की सूचना दी।
जीआरपी चौकी प्रभारी झींझक केके त्रिपाठी ने बताया कि अंबियापुर रेलवे स्टेशन के पास मिले शव की पहचान जम्मू कश्मीर निवासी राकेश व विश्वनाथ ने अपने साथी बीएसएफ जवान सुरेश के रूप में की।