भोगनीपुर में फरियाद सुनते एसडीएम
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को समाधान दिवस पर भोगनीपुर कोतवाली में एसडीएम आरपी त्रिपाठी ने फरियादें सुनी। राजपुर में पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने आयोजन का औचक निरीक्षण किया।
पुखरायां कसबे के विद्यार्थी नगर निवासी शिवनारायण सचान ने बताया कि सुबह अपना कुत्ता लेकर टहलाने जा रहे थे। सुभाषनगर निवासी विजय सिंह के दरवाजे पर कुत्ते ने पेशाब कर दिया। इसी बात पर विजय ने शिवनारायण से मारपीट कर दी।
दोनों ने समाधान दिवस पर मारपीट का आरोप लगाकर शिकायत दर्ज करवाई। इसके अलावा बील्हापुर गांव निवासी इशरार ने गांव के ताहिर पर मां को बहलाकर मकान की रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया। भोगनीपुर के सादिक, हलीम, ताबिर, अयाज, राशिद, रफी, महफूज आलम ने चौराहे पर फाइनेंस कंपनी की किश्त के नाम पर अवैध वसूली किए जाने की शिकायत की।
राजपुर प्रतिनिधि के अनुसार एसपी ने समाधान दिवस में फरियादी नजर न आने पर थाना इंचार्ज पीके सिंह को प्रचार कराने का निर्देश दिया। परिसर में स्वच्छता का निरीक्षण और अपराधों की समीक्षा भी की।