पुखरायां क्षेत्र के आरएसजीयू पीजी महाविद्यालय में एलएलबी के 67 छात्र परीक्षा देने नहीं पहुंचे। इलाहाबाद बोर्ड परीक्षा की तरह एलएलबी के छात्रों की तलाशी ली गई।
मालूम हो कि जनपद में पुखरायां के आरएसजीयू पीजी महाविद्यालय को एलएलबी परीक्षा केंद्र बनाया गया हैं। वहीं, विद्यालय के प्राचार्य डा. एससी मिश्र ने एलएलबी की परीक्षा को नकल विहीन कराने की सख्त तैयारी की। इलाहाबाद बोर्ड परीक्षा की तरह विद्यालय गेट पर ही प्राचार्य ने सहायक शिक्षकों के साथ तलाशी शुरू कराई। जूते भी गेट के पास ही उतरवा दिए गए। प्रवेश पत्र और रुपये के अलावा कुछ अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
परीक्षा केंद्र प्रभारी डा. पर्वत सिंह ने बताया कि सुबह की पाली में प्रथम सेमेस्टर कांस्टीट्यूशन ला में पंजीकृत छात्र 319 के सापेक्ष 279 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इसी पाली में बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर राजनीति विज्ञान में पंजीकृत 15 छात्रों के सापेक्ष 10 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। दोपहर की पाली में पांचवें सेमेस्टर में न्यायिक विधि के प्रथम प्रश्नपत्र में पंजीकृत 202 के सापेक्ष 180 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।