वीवीआईपी नंबर के लिए दो मंत्रियों से जद्दोजहद के बाद टीम इंडिया के मुख्य गेंदबाज भुवनेश्वर को नंबर तो हासिल हो गया, मगर अब इसी वीवीआईपी नंबर की वजह से उनकी इको स्पोर्ट कार चर्चा में है।
कार की नंबर प्लेट पर वीवीआईपी नंबर से तीन जीरों ही गायब हैं। यानि नंबर अधूरा लिखा गया है, जो सीधे तौर पर ट्रैफिक रूल्स का उल्लंघन है। भुवनेश्वर के भाई विवेक कुमार ने इसे भूल मानते हुए सही नंबर लिखवाने की बात कही है।
क्रिकेटर भुवनेश्वर वीवीआईपी नंबर को लेकर पिछले दिनों तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने अपनी ओडी कार के लिए यूपी-14 सीए-0001 नंबर बुक किया था।
इसी नंबर को लेकर प्रदेश के दो कैबिनेट स्तर के मंत्री भी मैदान में थे। दोनों मंत्री अपने-अपने चहेतों को यह नंबर दिलाना चाहते थे। लेकिन भुवनेश्वर ने मंत्रियों को अपनी स्विंग से ‘बोल्ड’ कर वीवीआईपी नंबर हासिल कर लिया था।
मंगलवार को भुवनेश्वर के भाई विवेक कुमार ने ओडी की बजाय इको स्पोर्ट कार पर यूपी-14 सीए-0001 नंबर रजिस्टर्ड करा लिया। इस कार पर वीवीआईपी नंबर जिस तरह लिखवाया गया है, वह सीधे तौर पर ट्रैफिक रूल्स का उल्लंघन है। प्लेट पर यूपी-14 सीए-1 नंबर लिखवाया गया है, शुरू की तीन जीरो गायब हैं। लिहाजा यह अधूरा है।
‘इस प्रकार की नंबर प्लेट ट्रैफिक रूल्स के उल्लंघन की श्रेणी में आती है। अधूरे नंबर प्लेट वाली कार यदि सड़क पर दौड़ती मिलती है तो उसके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।’ - एसके सिंह, एआरटीओ प्रर्वतन, गाजियाबाद
‘किसी भी वाहन पर नंबर पूरा लिखना होता है। अधूरे नंबर प्लेट पर चालान के साथ-साथ वाहन सीज की कार्रवाई भी की जा सकती है।’-किरण यादव, एसपी ट्रैफिक
‘नंबर अधूरा है और यह ट्रैफिक नियम तोड़ता है, इसकी जानकारी नहीं थी। जल्दबाजी में नंबर प्लेट बनवा दी गई है। अब इसमें सुधार कर लिया जाएगा।’-विवेक कुमार, भुवनेश्वर के भाई