उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के गढ़ इटावा में संदिग्ध हालात में जली युवती का सैफई के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर और स्थिर है।
माता-पिता के मुताबिक खाना बनाते समय ऊपर स्टोव गिर जाने से वह जल गई, जबकि भाई ने छह लोगों के खिलाफ गैंगरेप के बाद जिंदा जलाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
युवती ने बताया है कि ‘लड़के ने उसके साथ रेप किया और घर वालों ने उसे जलाया है।’ घटना से एक दिन पहले गांव की पंचायत में प्रेमी से शादी रचाने के प्रस्ताव का उसके परिजनों ने विरोध किया था।
तहसीलदार ने युवती का कलमबंद बयान लिया है, जो शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। जिलाधिकारी पी.गुरुप्रसाद ने बताया कि घटना की मजेस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं।
मामला इकदिल थाना क्षेत्र के एक गांव का है। बीस वर्षीय युवती ने बयान में अपने साथ रेप और घर वालों द्वारा जलाए जाने का जिक्र किया है।
अस्सी प्रतिशत तक जली हालत में उसे जिला अस्पताल से सैफई के मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। डीएम और एसएसपी ने स्वयं मेडिकल कालेज पहुंच कर युवती की हालत जानने के बाद शासन को उसके जीवित होने की पुष्टि की।
अस्पताल के पुलिस इंफार्मेंशन रजिस्टर (पीआईआर) में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार पिता ने जलने का कारण खाना बनाते समय स्टोव ऊपर गिर जाना बताया है। मां का भी कहना है कि बेटी स्टोव से जली है।
इससे पहले बृहस्पतिवार की ही रात युवती के भाई ने इकदिल थाने में फरमान, सद्दो, सघरा, पप्पू, अहमद, शकील के खिलाफ गैंगरेप के बाद बहन को फूंक दिए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ग्रामीणों ने दबी जुबान से बताया कि पंचायत में शादी पर दोनों पक्षों के सहमत न होने पर युवती ने आग लगा ली।