उत्तर प्रदेश में सीतापुर के जवाहर लाल नेहरू पॉलिटेक्निक में एक नए छात्र के साथ रैगिंग किए जाने के मामले में चार छात्रों के खिलाफ महमूदाबाद कोतवाली में केस दर्ज कराया गया।
आरोप है कि यहां मैकेनिकल डिप्लोमा प्रथम वर्ष के छात्र को एजी डिप्लोमा फाइनल वर्ष के छात्रों ने अपने कमरे पर बुलाकर मैनर सिखाने के बहाने बुरी तरह पीटा। बाद में छात्र के घर घुसकर उसकी मां के साथ बदसलूकी भी की।
पुलिस ने नामजद आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कॉलेज के प्रधानाचार्य सीपी त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों को कॉलेज से निष्कासित करने की कार्रवाई की जाएगी।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के सरावगी टोला निवासी डॉ. वीरेंद्र बंशवार का 19 वर्षीय पुत्र आयुष ने इसी वर्ष कस्बा स्थित जवाहर लाल नेहरू पॉलिटेक्निक कॉलेज में मैकेनिकल डिप्लोमा कोर्स के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। प्रवेश के बाद से ही कुछ सीनियर छात्र उसे परेशान कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एजी फाइनल के छात्र कैलाश पुत्र विश्वास, शिवा सिंह व अमित कुमार पुत्र रमेश वर्मा सिधौली मार्ग स्थित शैल कुमारी एएनएम के घर किराये पर रहते हैं।
उन्होंने आयुष को शिष्टाचार सिखाने के नाम पर कमरे पर बुलाया, जहां कैलाश व उसके साथियों ने मिलकर आयुष की धुनाई कर दी। बाद में आयुष की मां से भी अभद्रता की।
उधर, आयुष के पिता डा. वीरेन्द्र बंशवार का कहना है कि पकडे़ गये अमित ने अपना गलत नाम व पता पुलिस को बताया है। अमित का सही नाम राहुल यादव है, जो आजमगढ़ जनपद का रहने वाला है।