फिरोजाबाद निवासी पत्नी से पीड़ित युवक शनिवार को डीआईजी कार्यालय पहुंच गया। कहा कि साहब! पत्नी से बचा लो, वह मानसिक रूप से प्रताड़ित करती है। मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिला निवासी युवक ने डीआईजी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया। कहा कि साहब! मुझे मेरी पत्नी से बचा लो, वह घर के सभी आभूषण, नगदी व दुकान की चाबी चोरी कर ले गई है। मुझे मानसिक रूप से परेशान कर रही है। वह मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है।
विज्ञापन
मामला टूंडला थाना क्षेत्र के चुल्हावली गांव का है। गांव निवासी चंद्रमोहन सोनी ने डीआईजी, आगरा को शिकायती पत्र दिया। कहा कि उसकी शादी 15 जून 2021 में आगरा के लोहामंडी थाना क्षेत्र निवासी एक महिला के साथ आगरा कोर्ट में हुई थी। बताया कि वह पहले से शादीशुदा थी। उसको एक सात वर्षीय बेटी भी थी। उसने झूठ बोलकर उसके साथ कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के बाद से ही उसे मानसिक रूप से परेशान करने लगी।
नगदी, आभूषण और कीमती सामान लेकर चली गई
चंद्रमोहन ने बताया कि वह आगरा में उसके नाम से अलग मकान बनवाने की मांग कर रही है। ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकी दे रही है। वह टूंडला में किराए के मकान में रहता था। 27 मार्च को वह घर पर मौजूद नहीं था तभी पत्नी घर में से डेढ़ लाख की नगदी, आभूषण और घर का कीमती सामान, दुकान की चाबी लेकर अपने मायके चली गई है।
पत्नी कर रही मानसिक उत्पीड़न
बताया कि इस मामले में चार अप्रैल का थाना पुलिस ने समझौता करा दिया था। किंतु पत्नी ने न तो सामान वापस किया और न उत्पीड़न बंद किया। इससे वह बेहद परेशान है। उसे पत्नी से न्याय दिलाया जाए। इंस्पेक्टर क्राइम का कहना है कि पति-पत्नी के बीच समझौता हो गया था। उसके बाद कोई शिकायत नहीं मिली है।