शिकोहाबाद के मोहल्ला माधौगंज के समीप ट्रैक्टर ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के साथी की सूचना पर परिवारीजन पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया।
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला रुधऊ निवासी अर्जुन सिंह पुत्र बत्तीराम शुक्रवार शाम को साथी भूरा के साथ शिकोहाबाद गया था। शाम करीब सात बजे वह गांव लौट रहा था। माधौगंज के समीप मार्ग किनारे खड़ा होकर वह अपने साथी के साथ बात करने लगा। तभी ट्रैक्टर ने उसे अपनी जद में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर, हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। भूरा ने अर्जुन की मौत की खबर परिवारीजनों को दी। सूचना पर पुलिस और परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पीएम के भेज दिया। इधर, अस्पताल पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि अर्जुन सिंह नलकूप की बोरिंग का ठेका लेता था। शुक्रवार शाम को वह भूरा के साथ शिकोहाबाद निवासी एक ठेकेदार के यहां काम के संबंध में बात करने गया था। यहां से लौटते समय हादसा हो गया। थानाध्यक्ष शिकोहाबाद का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है।