झोलाछाप के इलाज से युवक की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उसे ऑक्सीजन तक लगानी पड़ी। आरोप है कि बुधवार की शाम जब राजकुमार को बुखार के साथ दस्त की शिकायत हुई तो झोलाछाप ने उसे एक इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के महज एक घंटे के भीतर ही उसकी हालत और अधिक बिगड़ गई।
फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र के गांव उस्मानपुर में एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने कस्बा पाढ़म में क्लीनिक चलाने वाले एक झोलाछाप पर लापरवाही बरतने और गलत इंजेक्शन लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने युवक का शव झोलाछाप की दुकान के सामने रखकर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
विज्ञापन
गांव उस्मानपुर निवासी राजकुमार (34) खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। राजकुमार को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था, जिसके उपचार के लिए परिजन उसे कस्बा पाढ़म स्थित झोलाछाप की दुकान पर लेकर गए थे। परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप उसका इलाज करता रहा लेकिन स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ बल्कि उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। हालत इतनी गंभीर हो गई कि उसे ऑक्सीजन तक लगानी पड़ी। आरोप है कि बुधवार की शाम जब राजकुमार को बुखार के साथ दस्त की शिकायत हुई तो झोलाछाप ने उसे एक इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के महज एक घंटे के भीतर ही उसकी हालत और अधिक बिगड़ गई।
युवक की हालत बिगड़ने पर घबराए परिजन उसे तुरंत फिरोजाबाद के जिला ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुस्साए परिजन शव को सीधे पाढ़म स्थित झोलाछाप की दुकान पर ले आए और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की भनक लगते ही आरोपी दुकान बंद कर मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही जसराना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।
विज्ञापन
मृतक के भाई कमलेश कुमार की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। -प्रेमप्रकाश पांडेय, सीओ जसराना