उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में मंगलवार को युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी होने पर घर में रोना-पीटना शुरू हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। मौजूद लोग परेशान परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला अब्बास नगर निवासी सलमान (25) ने मंगलवार को घर के अंदर फंदा बनाकर लटक गया। युवक का शव फंदे पर लटका देख परिजन में कोहराम मच गया। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को फंदे से उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
परिजन नहीं दे सके कोई जानकारी
थानाध्यक्ष रामगढ़ रवि त्यागी का कहना है कि युवक ने फंदे पर लटककर जान दी है। बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है। युवक ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी परिजन नहीं दे सके हैं। युवक पेंटिंग का काम करता था।