फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव की मतगणना का प्रशासन की ओर से बुधवार को एनआईसी में रिहर्सल किया जाएगा। मतगणना के दौरान किस प्रकार से गणना सीट को भरना होगा और कैसे रिपोर्ट देनी होगी इसका पूरा रिहर्सल किया जाएगा। इस दौरान निर्वाचन संबंधी अधिकारी के साथ साथ कंप्यूटर पर काम करने वाले सभी ऑपरेटर भी मौजूद रहेंगे।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन के निर्देशन में चार जून को मतगणना शिकोहाबाद स्थित मंडी प्रांगण में होगी। इसकी तैयारी पहले से की जा रही हैं। पांच विधानसभा क्षेत्रों की अलग-अलग होने वाली मतगणना के हिसाब से उसमें गणना टेबिल लगाने के साथ सेंट्रल गणना टेबिल और स्टाफ को तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही पांचों विधानसभा क्षेत्र के राउंड को एक साथ जोड़ने के साथ प्रथम राउंड में कौन सा प्रत्याशी आगे रहा, इसकी रिपोर्ट भी प्रसारित की जाएगी।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में आयोग के फार्मेट पर भेजी जाने वाली हर सूचना को कैसे भरना होगा। मतगणना के दौरान क्या-क्या सावधानी बरतनी होगी, इसके लिए 22 मई बुधवार को जिला सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) में रिहर्सल किया जाएगा। रिहर्सल के दौरान ऑपरेटरों के साथ सहायक निर्वाचन अधिकारियों का क्या दायित्व होगा इसकी भी जानकारी दी जाएगी। इसके लिए तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे मतगणना के दौरान कोई दिक्कत नहीं होने पाए। गणना स्टाफ को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
विभागों से एकत्रित की जा रहीं हैं मशीनें
मतगणना के लिए विभिन्न विभागों की फोटो स्टेट मशीनों के साथ-साथ कंप्यूटर आदि को भी एकत्रित किया जा रहा है, जिससे मतगणना के दौरान कहीं किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने पाए। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन का पत्र मिलने के साथ ही सभी विभागीय अधिकारी फोटो स्टेट मशीन एवं कंप्यूटर आदि को भेजने की तैयारी कर रहे हैं।