नारखी (फिरोजाबाद)। बंटवारे के विवाद में बड़े भाई ने बुधवार रात सिर में गोली मारकर छोटे भाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भाग निकला। मामला नारखी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी पुरानी का है। मृतक चरण सिंह उर्फ सोनू (32) कैंटर चलाता था।
सूचना पर एसपी सिटी थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी करने के बाद फील्ड यूनिट की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। सबसे बड़े भाई वरुण देव ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वरुण ने बताया कि मृतक चरण सिंह उर्फ सोनू पांच भाइयों में सबसे छोटा था। सभी भाई अलग-अलग रह रहे हैं। तीसरे नंबर के भाई मोनू की संगत ठीक नहीं है। वह कई बार जेल जा चुका है। उसका घर नहीं बना है। वह बुधवार रात घर पहुंचा। इस दौरान मकान पर लिंटर न डालने और बंटवारे को लेकर विवाद होने लगा। दूसरे नंबर का भाई विवाद होता देख पुलिस चौकी सूचना देने चला गया। इस पर मोनू ने सोनू की पत्नी खुशबू को गालियां दीं। उसने विरोध किया तो मोनू घर से तमंचा लेकर आया। तब सोनू भी वहां पहुंच गया।
शराब के नशे में मोनू ने भाई की कनपटी पर दो गोलियां मार दीं। वह गिर पड़ा तो घर के अन्य लोग दौड़े तो उन्हें भी गोली मारने की धमकी दी। पुलिस के आने की भनक लगते ही वह भाग निकला। वहीं घायल सोनू को ट्राॅमा सेंटर से आगरा ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ टूंडला अमरीश कुमार कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मामले की जानकारी की है।
चार साल पहले हुई थी शादी
बड़े भाई वरुण देव ने बताया कि सोनू की शादी चार साल पहले ही हुई थी। उसकी दो बेटियां भी हैं। वह कैंटर चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। वरुण ने ही मोनू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नारखी इलाके में बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दो टीमों का गठन किया गया है। दोनों ही टीम आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं। - रविशंकर प्रसाद, एसपी सिटी