फिरोजाबाद। कर्ज में डूबे एक किसान ने खेत में नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। घटना बृहस्पतिवार दोपहर मटसेना थाना क्षेत्र के गांव लेखराजपुर में हुई। परिजन ने फंदा काटकर किसान को पेड़ से नीचे उतारा, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजन के मुताबिक, मृतक अजय पाल ने बैंक और सोसाइटी से सात लाख रुपये कर्ज लिया था। कर्ज न चुका पाने के चलते वह तनाव में थे। उनके तीन बेटे करन, अवधपाल और धर्मपाल और तीन बेटियां हैं। एक बेटी को छोड़कर सभी की शादी हो चुकी है।
भतीजे संतोष ने बताया कि अजय पाल ने बेटियों की शादी और खेती के लिए बैंक और सोसाइटी से कर्ज लिया था जिसे वह चुका नहीं पा रहे थे। ऐसे में अक्सर बैंक वाले कुर्की की धमकी देते थे। इससे वह काफी तनाव में थे। इसी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
किसान ने फंदा लगाकर जान दी है। परिजन बैंक का कर्ज होने की बात बता रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। - संकल्पवीर सिंह, डीएसपी (थाना प्रभारी)