फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में तीन दिन पूर्व घर से निकले युवक का शव गड्ढे में भरे पानी में मिला। युवक तीन दिन पूर्व ठेके से शराब लेने के लिए गया था। युवक का शव मिलने से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा।
शहर के गांव भूड़ा-बरतरा निवासी श्याम सिंह (27) तीन दिन पूर्व घर से रात 9 बजे करीब कहीं गए थे। वह कुछ देर बाद गांव के ही लोगों को शराब के ठेके के पास खड़ा मिला। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीकर वहां खड़ा हुआ था। जिसको देखकर गांव के ही बड़े-बुजुर्गों ने उसे समझा-बुझाकर घर जाने के लिए कहा था। यहां तक का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरों में कैद है।
मंगलवार दोपहर गांव की ही एक महिला ने गड्ढे में भरे पानी में एक शव पड़ा हुआ देखा, उसके होश उड़ गए। गांव में घटना की जानकारी होने पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर थाना शिकोहाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। शव से दुर्गंध आ रही थी।
परिजनों ने शव देखने के बाद उसकी शिनाख्त श्याम सिंह के रूप में की। पुलिस ने जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। तभी परिजन ने शव को नहीं उठने दिया। काफी समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर क्राइम ने बताया कि शराब के नशे में गांव में ही एक गड्ढे में डूब गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा।