फिरोजाबाद के थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव गाजीपुर में शुक्रवार शाम एक मजदूर कमरे में फंदा पर लटका मिला। वह दो दिन पहले ही पत्नी और बेटे को ससुराल छोड़कर आया था। बृहस्पतिवार दोपहर तक साथी मजदूरों के साथ काम कर कमरे पर चला गया। शुक्रवार देर शाम तक बाहर नहीं निकला तो साथियों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर पंखे के कुंदे से उसका शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
गांव बासठ थाना दक्षिण निवासी भोला (27) व हाल निवासी गांव गाजीपुर निवासी बृजेश पंडित के यहां मिट्टी के कुल्हड़ व अन्य सामान बनाने का काम करता था। उसी के मकान में पत्नी पिंकी और बेटा कार्तिक के साथ किराए पर कमरा लेकर रहता है। वह दो दिन पूर्व अपनी पत्नी और बेटा को गांव बासठ स्थित ससुराल छोड़ आया था।
बृहस्पतिवार दोपहर तक उसने अन्य मजदूरों के साथ कुल्हड़ बनाने का काम किया था। इसके बाद वह अपने कमरे पर चला गया। शुक्रवार देर शाम तक वह कमरे से नहीं निकला तो अन्य मजदूरों ने आवाज लगाई तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो उसका शव पंखा के कुंदे से लटका हुआ था।
शोर शराबा की आवाज होने पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। जानकारी होते ही परिजन पहुंच गए। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। मृतक तीन भाई और दो बहनों में चौथे नंबर का था। मृतक के भाई छोटू ने बताया कि उसकी चार साल ही शादी हुई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उसने आत्महत्या क्यों की इसके बारे में जानकारी की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।