फरिहा (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव गुलामई निवासी एक 22 वर्षीय युवक की दिल्ली में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक गुरुग्राम में ओला कंपनी के लिए बाइक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। हादसे की सूचना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। युवक की शादी महज आठ महीने पहले ही हुई थी।
ग्राम गुलामई निवासी सुनील (22) अपने चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। परिजन के मुताबिक, वह पिछले दो साल से गुरुग्राम में रहकर ओला बाइक टैक्सी चलाता था। रविवार दोपहर करीब तीन बजे दिल्ली के विभाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी ओला कंपनी में ही कार्यरत गांव के ही विनोद को मिली। विनोद घायल सुनील को इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज ला रहा था। मगर, मथुरा के पास रास्ते में ही सुनील ने दम तोड़ दिया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष फरिहा राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।