फीरोजाबाद। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा महानगर अध्यक्ष महेश पूरन के नेतृत्व में जलेसर रोड से गांधीपार्क तक जुलूस निकाल कर एक्सईएन विद्युत का पुतला दहन कर नारेबाजी की।
महानगर अध्यक्ष महेश पूरन ने कहा कि शहर में अघोषित बिजली संकट के कारण व्यापारी एवं आमजनता त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। रात्रि में अघोषित कटौती की जा रही है। पूरे शहर में बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। बिजली कटौती के कारण शहर अंधकार में डूबा रहता है, जिससे व्यापारियों के साथ आए दिन लूट, डकैती की घटनाएं बढ़ रही हैं। विद्युत विभाग द्वारा लोकल फाल्ट होने पर पूरे शहर की बिजली बंद कर दी जाती है। पेयजल समस्या विकराल रूप धारण कर रही है।
संचालन कर रहे अमित गुप्ता ने कहा कि विद्युत कटौती से शहर के उद्योग धंधे चौपट हो रहे हैं। प्रांतीय संगठन मंत्री मुनब्बर खान व पवन दीक्षित ने कहा कि विद्युत चेकिंग के नाम विभाग द्वारा व्यापारी, आम जनता से अवैध वसूली की जा रही है। नदीम अब्बासी, अमल सिंह, रामशंकर रावत, मुरारीलाल, राकेशपाल, शाह आलम, विकास पालीवाल, विनोद गुप्ता, दुष्यंत यादव, नरेंद्र शर्मा, असलम परवेज, महेश राना, सुनील कुमार मौजूद थे।