फिरोजाबाद। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अब ग्रामीण अंचलों से बिजली के बिल की वसूली करेंगी। एक एनजीओ के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।
एक्सईएन देहात विश्वमेंद्र चौहान ने बताया कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में 2,79,632 विद्युत कनेक्शन है। हालांकि ग्रामीण अंचलों से विद्युत बिल बमुश्किल पचास फीसदी ही जमा हो पाते हैं। अब विद्युत विभाग ने राजस्व बढ़ाने की नई पहल की है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अब स्वयं सहायता समूह की महिलाएं ग्रामीण अंचलों से विद्युत बिल की वसूली करेंगी। इसके तहत महिलाओं को घर-घर जाकर मीटर रीडिंग लेने के साथ बिल जमा करने का काम सिखाया जा रहा है। दो हजार रुपये का विद्युत बिल जमा कराने पर महिलाओं को 20 रुपये का भुगतान किया जाएगा। वहीं दो हजार से अधिक के बिल पर एक प्रतिशत के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।
एप से तैयार होगा बिजली का बिल
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देने के बाद मोबाइल फोन में एप इंस्टॉल कराया जाएगा। इस एप के माध्यम से बिजली का बिल तैयार करने और जमा धनराशि का प्रिंट निकालने के लिए प्रिंटर मशीन देने जाने की योजना है। इसके माध्यम से महिलाएं बिजली का बिल प्रिंट कर उपभोक्ताओं को दे सकेंगी।
ग्रामीण क्षेत्र में कुल बिजली कनेक्शन - 2,79,632
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से कितने को मिलेगा रोजगार- 2000