फिरोजाबाद। जिले में पांच हजार से अधिक आबादी वाली जिले की 62 पंचायतों और सबसे कम आबादी वाली 101 ग्राम पंचायतों में ठोस द्रव्य एवं अपशिष्ट प्रबंधन के तहत 38 करोड़ रुपये से काम कराएं जाएंगे। इससे गांव में ड्रेनेज सिस्टम सुधारने के साथ नाली खड़ंजा आदि का काम कराया जाएगा। पंचायतीराज विभाग ने इसकी कार्ययोजना तैयार करके शासन को भेजी है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव में कूड़ा निस्तारण के साथ जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिले की 163 ग्राम पंचायतों को चिह्नित किया गया है। इसमें 62 पंचायतें पांच हजार से अधिक आबादी वाली है जबकि 101 ऐसी ग्राम पंचायतों का चयन कर लिया है जिनकी आबादी जिले की सभी ग्राम पंचायतों से कम है। पंचायती राज विभाग के सूत्रों के अनुसार इन ग्राम पंचायतों में कूड़ा निस्तारण किए जाने के साथ नाली खड़ंजा का निर्माण कराया जाएगा। जलभराव की समस्या किसी गांव में है तो इसके लिए नाली का निर्माण कराया जाएगा। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने 163 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इन ग्राम पंचायतों में नाली बनाने के साथ कूड़ा प्रबंधन आदि पर करीब 38 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
विकास भवन में कार्यशाला आज, मिलेगा प्रशिक्षण
फिरोजाबाद। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत सामुदायिक शौचालय की गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं रख-रखाव के संबंध में 24 फरवरी को सुबह दस बजे से विकास भवन सभागार में कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें सभी डीपीआरओ, डीसी मनरेगा, ओपीओ मनरेगा, बीसी एवं बीडीओ के साथ-साथ नौ ब्लाकों के एडीओ पंचायत शामिल होंगे। इसमें स्वच्छ भारत मिशन के राज्य सलाहकार प्रशिक्षण देंगे।