फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर में नगला दया के एक परिवार के साथ दावत खाकर लौटते समय कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। घायल महिलाओं ने छेड़खानी कर पीटने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा।
नगला दया के परिवार का आरोप है कि शुक्रवार देर रात को बरगदपुर से रिश्तेदारी में से त्रयोदशी की दावत खाकर लौट रहे थे, तभी प्रताप वाली ठार लुखरयाई पर शराब के नशे में खड़े कुछ युवकों ने छेड़खानी कर मारपीट कर दी। घायलों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने बेलचा, कुल्हाड़ी के अलावा सरिया से जमकर मारपीट की और भाग गए। मारपीट में दो पुरुष, दो किशोरी, तीन महिलाएं घायल हुईं। इस दौरान लोगों की भीड़ लग गई। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। जहां उपचार किया गया। इंस्पेक्टर कृष्ण स्वरूप ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर जांच व कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।